

🕉️ राम नवमी पर विशेष: राम नवमी पर होगा भक्ति का महासंगम, दो दिवसीय श्री रामायण पाठ 25 से
धनौला, 24 मार्च (हिमांशु गोयल):श्री राम नवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मंडी धनौला में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्री आदि शक्ति राम लीला क्लब, धनौला द्वारा दो दिवसीय श्री रामायण पाठ का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
आयोजकों के अनुसार, श्री रामायण पाठ का शुभारंभ 25 मार्च 2026 (बुधवार) को प्रातः 10 बजे विधि-विधान के साथ किया जाएगा, जबकि 26 मार्च 2026 (वीरवार) को सुबह 11 बजे भोग डालकर इसका समापन होगा। कार्यक्रम स्थल श्री आदि शक्ति राम लीला क्लब परिसर निर्धारित किया गया है।
क्लब के सदस्यों ने बताया कि श्री रामचरितमानस का पाठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और जीवन में सकारात्मकता का संचार करते हैं।
उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रभु श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त करें। समापन अवसर पर भोग के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
मंडी धनौला में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव के साथ इस धार्मिक आयोजन का इंतजार कर रहे हैं।


